मुंबई , अक्टूबर 26 -- अनमोल टीवी के पहले ओरिजिनल शो 'हमारी राधा' ने 100 एपिसोड पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर अभिनेत्री सिमरन कौर, अक्षय म्हात्रे, वैदेही नायर और शो की पूरी टीम ने सेट पर केक काटकर जश्न मनाया।
सिमरन कौर, अक्षय म्हात्रे और वैदेही नायर अभिनीत इस शो की कहानी राधा के जीवन और उसके रिश्तों में आने वाले उतार-चढ़ाव पर केंद्रित है। राधा की जिंदगी में उस समय बड़ा बदलाव आता है, जब उसे अपने पति गिरधर के विवाहेतर संबंध के बारे में पता चलता है। धोखे का सामना करने के बाद राधा धीरे-धीरे अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाना और अपनी ताकत पहचानना सीखती है।
राधा गिरधर मौर्य की भूमिका निभा रहीं सिमरन कौर ने कहा कि राधा का किरदार उनके अभिनय सफर का अहम हिस्सा रहा है। इस भूमिका के जरिए उन्हें विभिन्न भावनाओं को समझने और पर्दे पर उतारने का अवसर मिला। उन्होंने 100 एपिसोड पूरे होने पर पूरी टीम के प्रति आभार जताया।
गिरधर मौर्य की भूमिका निभा रहे अक्षय म्हात्रे ने कहा कि उनके किरदार के फैसलों और राधा के प्रति उसके व्यवहार को लेकर दर्शक अपनी प्रतिक्रियाएं देते रहे हैं। उन्होंने कहा कि दर्शकों का किसी किरदार को इतनी गंभीरता से लेना उनके लिए दिलचस्प अनुभव है। वहीं, शनाया श्रीवास्तव की भूमिका निभा रहीं वैदेही नायर ने कहा कि इस शो ने उन्हें अपने किरदार के विभिन्न पहलुओं को समझने और अभिनय में नए प्रयोग करने का अवसर दिया है।
शो में राधा, गिरधर और शनाया के रिश्तों में बदलते समीकरणों के साथ कहानी आगे बढ़ रही है। 'हमारी राधा' का प्रसारण हर रात 9:30 बजे अनमोल टीवी पर होता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित