नयी दिल्ली , अप्रैल 15 -- उद्योग मंडल फिक्की ने भारतीय रेलवे कार्मिक सेवा (आईआरपीएस) के पूर्व अधिकारी अनंत स्वरूप को अपना नया महासचिव नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति बुधवार 15 अप्रैल से प्रभावी हो गयी है।

फिक्की ने मीडिया को दी जानकारी में कहा है कि 1992 बैच के आईआरपीएस अधिकारी श्री स्वरूप की नियुक्ति देश के उद्योग जगत के लिए एक महत्वपूर्ण समय पर संगठन के वरिष्ठ नेतृत्व को और सशक्त बनाती है। उनके पास लोक नीति, लॉजिस्टिक्स, विनियामक सुधार और अंतर्राष्ट्रीय वार्ताओं का तीन दशक से भी अधिक का अनुभव है। उन्होंने केन्द्र सरकार में नेतृत्व के विभिन्न पदों पर काम किया है और हाल ही में निजी क्षेत्र में भी योगदान दिया है।

श्री स्वरूप ने केंद्र सरकार के वाणिज्य विभाग और रेल मंत्रालय में भी योगदान दिया है। वह जिनेवा में विश्व व्यापार संगठन में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रथम सचिव जैसे महत्वपूर्ण पद पर रह चुके हैं।

श्री स्वरूप के पास प्राणी शास्त्र में स्नातक और स्नातकोत्तर के अलावा कानून में स्नातक, व्यापार प्रशासन में स्नातकोत्तर और हरित अवसंरचना एवं वित्त पोषण में मास्टर्स सर्टिफिकेट की डिग्रियां हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित