नयी दिल्ली , सितंबर 16 -- जाने माने अभिनेता अनंत नाग को भारतीय सिनेमा में उनके उत्कृष्ट योगदान तथा कन्नड़ सिनेमा में कालजयी विरासत के लिए दादासाहेब फाल्के पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया जायेगा। केंद्र सरकार ने बुधवार को इसकी घोषणा की।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि श्री अनंत नाग को यह पुरस्कार दादासाहेब फाल्के पुरस्कार चयन समिति की सिफारिश पर दिया जा रहा है। श्री अनंत नाग को गुजरात के केवड़िया में 22 सितंबर को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में इससे सम्मानित किया जायेगा।

बयान में कहा गया है कि भारतीय सिनेमा में उनके 'उल्लेखनीय योगदान' तथा कन्नड़ सिनेमा में 'कालजयी विरासत' के सम्मान में उन्हें यह पुरस्कार दिया जा रहा है।

श्री अनंत नाग दशकों से कन्नड़ सिनेमा के जाने-माने कलाकार रहे हैं और उन्होंने दूसरी भारतीय भाषाओं की फ़िल्मों में भी काम किया है। उन्हें अपनी शानदार और अलग-अलग तरह के अभिनय एवं फिल्म जगत में लगातार योगदान के लिए पहचान मिली है। दादा साहब फाल्के पुरस्कार भारतीय सिनेमा के विकास और तरक्की में योगदान के लिए सरकार की ओर से दिया जाने वाला सबसे बड़ा सम्मान है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित