वाराणसी , जून 17 -- उद्योगपति मुकेश अंबानी और नीता अंबानी के पुत्र अनंत अंबानी ने मंगलवार शाम श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। गर्भगृह में उन्होंने बाबा काशी विश्वनाथ का षोडशोपचार विधि से पूजन-अर्चन किया। अनंत अंबानी बाबा विश्वनाथ की सप्तऋषि आरती में भी शामिल हुए। दर्शन और आरती के बाद उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण किया।
विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के बाद अनंत अंबानी मां अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचे। वहां गर्भगृह में 21 ब्राह्मण अर्चकों ने मंत्रोच्चार के साथ मां भगवती का विशेष कुमकुम पूजन संपन्न कराया। पूजन के बाद उन्होंने मां को माला अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूजन के उपरांत अनंत अंबानी ने मंदिर के महंत शंकरपुरी जी महाराज से भेंट की। महंत जी ने संस्था द्वारा संचालित सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। सेवा कार्यों के बारे में जानकर अनंत अंबानी काफी प्रभावित हुए।
जाते समय महंत शंकरपुरी जी महाराज ने अनंत अंबानी को प्रसाद स्वरूप मां अन्नपूर्णा की चुनरी, स्फटिक माला तथा माता का स्मृति-चिह्न भेंट किया। वहां से निकलकर अनंत अंबानी सीधे काल भैरव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने आरती में भी सहभागिता की। इस दौरान अनंत अंबानी पूरी तरह बाबा की भक्ति में लीन नजर आए। उन्होंने बाबा के जयकारे भी लगाए। इसके बाद वह संकट मोचन मंदिर पहुंचे और दर्शन-पूजन किया। उन्होंने संकट मोचन बाबा को तुलसी की माला अर्पित की।
इसके पश्चात रविदास घाट पहुंचकर वह काफी देर तक मां गंगा के दर्शन करते रहे। इस दौरान अनंत अंबानी ने सहज भाव से लोगों का अभिवादन भी किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित