श्रीगंगानगर , अप्रैल 20 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ थाना क्षेत्र में पाकिस्तान सीमा से सटे गांव बांडा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक छात्र ने दो अध्यापकों और प्रधानाचार्य की प्रताड़ना से अवसाद में आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने मृतक राहुल सुथार के पिता कालूराम सुथार की शिकायत पर स्कूल के अध्यापक रमनदीप सिंह, गुरदीप सिंह और प्रधानाध्यापक दौलतराज शर्मा के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का मामला दर्ज किया है। मामले की जांच बांडा पुलिस चौकी के प्रभारी सहायक उप निरीक्षक कालूराम को सौंपी गयी है। थाना प्रभारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ ने सोमवार को बताया कि चक 01 एलएसएम बांडा निवासी राहुल सुथार 10-12 दिन पहले अपने दोस्त आकाशदीप के साथ स्कूल में पानी पीने जा रहा था, तभी उसने एक कमरे में एक अध्यापक को एक छात्रा से गलत हरकतें करते देख लिया। उसके बाद उक्त अध्यापक सहित प्रधानाचार्य और एक अन्य शिक्षक ने इस घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। शनिवार को उसे फिर धमकाया गया।

उन्होंने बताया कि इससे राहुल अवसादग्रस्त हो गया और उसी दिन स्कूल से लौटने के बाद राहुल ने घर के सामने वाले बाड़े (भूखंड) में स्थित शौचालय के अंदर जाकर फांसी लगा ली। आज पोस्टमार्टम करवाया गया और शव परिवार को सुपुर्द कर दिया गया।

उधर परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी अध्यापकों और प्रधानाचार्य के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित