अलवर , मई 04 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने अलवर जिले में पेट्रोल पंप के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने की एवज में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय में पदस्थ अधिशासी अभियंता को सोमवार को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

एसीबी की अलवर इकाई में पुलिस उपाधीक्षक शब्बीर खान ने बताया कि परिवादी ने ब्यूरो की सीबी चौकी में शिकायत की थी कि उसके भतीजे के नाम से एचपीसीएल कम्पनी का पेट्रोल पम्प लक्ष्मणगढ मार्ग, राजकीय राजमार्ग 44 पर बरखेडा गांव में स्थापित करने के लिये आशय पत्र जारी किया गया है। उक्त पट्रोल पम्प स्थापित करने के लिये अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने की एवज में सार्वजनिक निर्माण विभाग अलवर में पदस्थापित अधिशासी अभियंता कृष्ण अवतार गुप्ता 40 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है।

उन्होंने बताया कि सत्यापन के समय गुप्ता ने 10 हजार रुपये ले लिये। इसके बाद श्री शब्बीर के नेतृत्व में गठित ब्यूरो के दल ने जाल बिछाकर गुप्ता को उसी के घर में परिवादी से 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित