भरतपुर , अक्टूबर 12 -- राजस्थान में करौली जिले के सपोटरा नगरपालिका में सोमवार को वेतन भुगतान को लेकर सफाई कर्मचारियों और अधिशासी अधिकारी (ईओ) के बीच हुए विवाद के बाद हंगामा हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सपोटरा कस्बे में वेतन नहीं मिलने से नाराज कर्मचारियों ने काम बंद कर रखा है। इसी दौरान ऑटो टीपर की चाबी को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गयी। सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि वेतन मांगने पर ईओ गजेंद्र कुमार छाबड़ा उन्हें मामला दर्ज कराने की धमकी देते हैं।

कर्मचारियों ने अधिकारी पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि वेतन नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक परेशानी हो रही है।

वहीं, ईओ गजेंद्र कुमार छाबड़ा के मुताबिक, सफाई कर्मचारी वेतन के लिए काम बंद किये हुए हैं। उन्होंने ऑटो टीपर की चाबी मांगी तो चालक विनोद कुमार ने पहले वेतन देने की बात कहकर चाबी देने से मना कर दिया। ईओ ने धमकी देने के आरोपों को गलत बताया। इस विवाद के चलते शहर की सफाई व्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित