भीलवाड़ा , मई 05 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की भीलवाड़ा इकाई ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी) के शाहपुरा के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) और दो ठेकेदारों को चार लाख चार हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी मुख्यालय को लगातार सूचना मिल रही थी कि सार्वजनिक निर्माण विभाग में ठेकेदारों के बिल पास करने और कार्यों की ऐवज में भारी कमीशनखोरी का खेल चल रहा है। इस सूचना पर एसीबी अजमेर रेंज के डीआईजी नारायण टोगस के मार्गदर्शन में सत्यापन के बाद उप अधीक्षक पारसमल एवं उनके दल ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जाल बिछाया। जैसे ही अधिशासी अभियंता शहजाद मोहम्मद ने ठेकेदारों से रिश्वत की राशि ली, दल ने उन्हें दबोंच लिया।
एसीबी की अब तक की जांच में बताया गया है कि अधिशासी अभियंता शहजाद मोहम्मद केवल अपने लिए ही नहीं, बल्कि अपने उच्चाधिकारी यानी अधीक्षण अभियंता खेमचंद मीणा के नाम पर भी ठेकेदारों से 'मंथली' और 'कलेक्शन' वसूल रहा था। पकड़े गए ठेकेदारों की पहचान मोडूराम धाकड़ और बनवारीलाल के रूप में हुई है, जो रिश्वत की राशि का इंतजाम करके अधिकारी तक पहुँचाने का काम कर रहे थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित