फर्रुखाबाद , अक्टूबर 30 -- बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष अनुराग पाण्डेय ने कहा कि अधिवक्ता समाज के हितों की रक्षा के लिए सदैव संघर्षरत रहता है। संगठन में शक्ति होती है और अधिवक्ताओं को अपने अधिकारों एवं सम्मान के लिए एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।
श्री पाण्डेय शुक्रवार को तहसील सदर परिसर स्थित टाउन हॉल में आयोजित सदर तहसील बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि फर्रुखाबाद से उनका विशेष स्नेह है। अधिवक्ता न्यायालय को पूरा सहयोग देते हैं, लेकिन इसके बावजूद कई कार्य स्वत: नहीं हो पाते। ऐसे में अधिवक्ताओं को परस्पर एकता और मजबूती के साथ अपने हितों के लिए संघर्ष करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं का सम्मान ही उनका सम्मान है।
उन्होने कहा कि बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के पिछले चुनाव में फर्रुखाबाद के अधिवक्ताओं ने उन्हें मतदान कर सदस्य निर्वाचित कराया और सम्मान दिया। इसके लिए वह जीवनभर यहां के अधिवक्ताओं के ऋणी रहेंगे।
समारोह में नवनिर्वाचित अध्यक्ष रामेंद्र कटियार, सचिव ओमप्रकाश दुबे, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव यादव, कनिष्ठ उपाध्यक्ष होशियार सिंह राजपूत, संयुक्त सचिव हेमराज सिंह राजपूत, कोषाध्यक्ष राजेश वर्मा, ऑडिटर संतोष राजपूत और पुस्तकालय मंत्री उमेश सारस्वत को शपथ दिलाई गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित