जयपुर , जनवरी 19 -- राजस्थान में अधिवक्ता एवं पूर्व न्यायिक अधिकारी अजय कुमार जैन का सोमवार देर शाम दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनके निधन से राज्य के न्यायिक जगत, अधिवक्ता समुदाय और राजनीतिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अधिवक्ता जैन पूरी तरह स्वस्थ थे। दिनभर न्यायालयीन कार्य करने के बाद शाम तक वह अपने कक्ष में अधिवक्ताओं के साथ बार काउंसिल चुनाव और उससे जुड़े कानूनी पहलुओं पर चर्चा करते रहे।
सहकर्मियों के अनुसार वह पूरी तरह स्वस्थ नजर आ रहे थे। शाम को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और उन्हें दिल का दौरा पड़ा। इस पर उन्हें तुरंत शास्त्रीनगर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अजय कुमार जैन पूर्व में न्यायिक सेवा में रह चुके थे और बाद में वकालत में आकर कई चर्चित एवं संवेदनशील मामलों में उन्होंने प्रभावी पैरवी की। उनके निधन को न्यायिक व्यवस्था के लिए अपूरणीय क्षति बताया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित