आजमगढ़ , जुलाई 18 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर फर्जी कस्टम अधिकारी बनकर लोगों का विश्वास जीतने और करीब 3.14 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली क्षेत्र के अनंतपुरा कटरा निवासी शेखर श्रीवास्तव की शिकायत पर दर्ज मुकदमे की जांच में सामने आया कि विकास राय शर्मा, विशाल राय तथा उनके अन्य साथियों ने स्वयं को कस्टम विभाग का अधिकारी बताकर फर्जी पहचान पत्र और कूटरचित दस्तावेज तैयार किए। आरोपियों ने तांबा, कपड़ा, सोना और मोबाइल के कारोबार में निवेश करने पर 50 से 90 प्रतिशत तक लाभ देने का झांसा देकर लोगों से बड़ी धनराशि निवेश कराई।

नगर क्षेत्राधिकारी शुभम तोदी ने बताया कि आरोपियों ने शुरुआत में कुछ निवेशकों को लाभांश देकर उनका विश्वास जीता, लेकिन बाद में निवेश की गई कुल 3 करोड़ 14 लाख रुपये की राशि में से केवल 51 लाख रुपये ही वापस किए। शेष 2 करोड़ 63 लाख रुपये हड़प लिए गए। जब पीड़ितों ने अपनी रकम वापस मांगी तो उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने शनिवार को कंधरापुर बाजार से वांछित आरोपी विकास राय और विशाल राय, निवासी जोल्हापुर, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क की वित्तीय गतिविधियों और ठगी से अर्जित धन के उपयोग की भी जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित