झुंझुनू , मई 14 -- राजस्थान में झुंझुनू जिले के प्रभारी सचिव नवीन जैन ने गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेते हुए अधिकारियों को सजगता, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

श्री जैन ने कहा कि अधिकारी आमजन की समस्याओं को अपने परिवार की समस्याओं की तरह समझें और उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें। बैठक में जिला कलक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं, बजट घोषणाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। प्रभारी सचिव जैन ने विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन एवं आमजन को मिल रहे लाभ के बारे में जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान श्री जैन ने जिले की प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में रिक्त पदों को लेकर चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों को प्रतिनियुक्ति के माध्यम से चिकित्सकीय एवं अन्य आवश्यक पदों पर कार्मिकों की तैनाती के प्रस्ताव तैयार करके शीघ्र भिजवाने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों।

वर्षा जल संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि जल संकट का स्थाई समाधान केवल वर्षा जल संरक्षण से ही संभव है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पारंपरिक "टांका संस्कृति" को पुनर्जीवित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं और आमजन को इसके लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देने की आवश्यकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित