जयपुर , मई 21 -- राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे से गुरुवार को लोक भवन में भारतीय प्रशासनिक सेवा के वर्ष 2025 के बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों ने मुलाकात की।

श्री बागड़े ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से संवाद करते हुए कहा कि प्रशासनिक अधिकारी आम जन के प्रति संवेदनशील होकर कार्य करने को कृत संकल्पित रहे। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने के साथ ही जन समस्याओं के निराकरण की दृष्टि रखते हुए कार्य करें। उन्होंने पंक्ति के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति, गरीब और वंचित लोगों के कल्याण के लिए कार्य करने का आह्वान किया।

उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यक्रमों और नीतियों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने में रुचि लेने का भी आह्वान किया।

इस अवसर पर हरिश्चंद्र माथुर राज्य लोक प्रशासनिक संस्था की महानिदेशक श्रेया गुहा और राज्यपाल के सचिव डॉ. पृथ्वी भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित