कोलकाता , सितंबर 17 -- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री के 76वें जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन में उनके 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य और देशभर में एक महीने चलने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' की शुरुआत की है।

श्री अधिकारी ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर बांग्ला में लिखा, ''दुनिया के सबसे शक्तिशाली नेताओं में से एक और प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं और सादर नमन।'' मुख्यमंत्री ने अपने संदेश के साथ एक विशेष वीडियो भी साझा किया है।

पश्चिम बंगाल में भाजपा ने विभिन्न सामाजिक सेवा गतिविधियों के साथ अभियान की शुरुआत की। भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्य के पंचायत मंत्री दिलीप घोष ने गुरुवार को मेदिनीपुर में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

श्री घोष ने सुबह मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का दौरा किया और वहां इलाज करा रहे मरीजों से मुलाकात की। उन्होंने अस्पताल से निकलने से पहले मरीजों के बीच फल वितरित किये। इसके बाद मेदिनीपुर शहर के बट्टाला चौक पर लोगों के बीच मिट्टी के दीये वितरित किए गये।

श्री घोष ने नागरिकों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों से गुरुवार को शाम छह से सात बजे के बीच अपने घरों में दीये जलाकर प्रधानमंत्री मोदी की लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करने की अपील की। भाजपा ने 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक कई कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है।

इस अभियान में युवाओं, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और विभिन्न सामाजिक समूहों से जुड़े जनसंपर्क कार्यक्रम शामिल होंगे। युवाओं की बढ़ती भागीदारी को अभियान के प्रमुख उद्देश्यों में से एक बताया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित