नयी दिल्ली , अप्रैल 04 -- राष्ट्रीय राजधानी की द्वारका अदालत ने दिल्ली पुलिस की पूर्व उपनिरीक्षक कविता माथुर को चार्जशीट पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर करने और एक वरिष्ठ अधिकारी को धमकी भरा एसएमएस भेजने का दोषी करार दिया है।यह मामला साल 2015 में किये गये अपराधों से संबंधित है, जब कविता पालम गांव पुलिस थाने में तैनात थीं। अदालत के फैसले के अनुसार, जांच अधिकारी के रूप में काम करते हुए कविता ने पालम गांव थाने की कई प्राथमिकियों की अंतिम रिपोर्ट या चार्जशीट पर तत्कालीन सहायक पुलिस आयुक्त एम हर्ष वर्धन के फर्जी हस्ताक्षर किये थे। उन पर प्राथमिकी नंबर 224/14 और 276/14 की अंतिम रिपोर्ट पर तत्कालीन थाना प्रभारी निवती एम कश्यप के हस्ताक्षर भी जाली तरीके से करने और बाद में उन दस्तावेजों को संबंधित अदालत में पेश करने का आरोप था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित