पटना , मार्च 15 -- बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने रविवार को इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) परिसर में एनेस्थीसिया सिमुलेशन लेबोरेट्री की सुविधाओं और रोबोटिक सर्जिकल सिस्टम की सुविधाओं का शुभारंभ किया।

आईजीआईएमएस पटना में आज 'किडनी ट्रांसप्लांट मीट-2026'' का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंत्री श्री पांडे ने परिसर में एनेस्थीसिया सिमुलेशन लेबोरेट्री की सुविधाओं और रोबोटिक सर्जिकल सिस्टम की सुविधाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक तकनीक और आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था से मरीजों को बेहतर और सुरक्षित उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व और मार्गदर्शन में बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है तथा लोगों को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि एनेस्थीसिया सिमुलेशन लेबोरेट्री की स्थापना इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान, पटना में की गई है। यह अत्याधुनिक प्रयोगशाला एलीवेट हेल्थकेयर इंक, संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा निर्मित उपकरणों से सुसज्जित है। यह लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित की गई है। जिसमें 10 वर्षों की व्यापक वार्षिक अनुरक्षण सेवा भी शामिल है। यह सुविधा चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

श्री पांडे ने कहा कि इस अनुकरण प्रयोगशाला के माध्यम से एनेस्थीसिया विशेषज्ञों, रेजिडेंट चिकित्सकों तथा चिकित्सा विद्यार्थियों को वास्तविक परिस्थितियों के समान वातावरण में प्रशिक्षण प्रदान किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इस अत्याधुनिक प्रशिक्षण सुविधा की स्थापना से आईजीआईएमएस देश के अग्रणी संस्थानों की श्रेणी में शामिल होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित