पटना , जून 22 -- िहार सरकार के खान, भूतत्व एवं कला-संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने सोमवार को अभिनंदन सह आभार समारोह एवं अति पिछड़ा सम्मेलन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)ने अपने कार्यों और नीतियों से यह साबित कर दिया है कि गरीब, वंचित, पिछड़े और अति पिछड़े समाज का वास्तविक हितैषी यदि कोई राजनीतिक दल है तो वह भाजपा है। श्री ‎चंद्रवंशी ने कहा कि कुछ लोगों ने वर्षों तक यह भ्रम फैलाया कि भाजपा केवल बड़े लोगों की पार्टी है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने इस मिथक को पूरी तरह समाप्त कर दिया।

‎‎सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. चंद्रवंशी ने कहा कि देश ने पहली बार एक गरीब परिवार के बेटे को प्रधानमंत्री के रूप में देखा, जिसने सत्ता में आने के बाद गरीबों के सम्मान और अधिकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों गरीबों के बैंक खाते खुलवाकर उन्हें देश की आर्थिक व्यवस्था से जोड़ा। इसके साथ ही उज्ज्वला योजना के तहत माताओं-बहनों को धुएं से मुक्ति दिलाई गई, हर घर बिजली पहुंचाई गई तथा करोड़ों परिवारों को शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की सभी प्रमुख योजनाओं का सबसे अधिक लाभ अति पिछड़े, पिछड़े, दलित और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को मिला है।

मंत्री ने कहा कि भाजपा की सरकार ने विकास को केवल नारे तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम किया है। यही कारण है कि आज समाज का हर वर्ग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित