बलरामपुर , सितंबर 02 -- छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में पिछले तीन दिनों से जारी तेज बारिश और अतिवृष्टि के मद्देनजर विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने बुधवार को सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

जिला शिक्षा अधिकारी ने कलेक्टर की अनुमति से इस संबंध में एक सितंबर की देर रात आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार जिले में लगातार हो रही अतिवृष्टि से जनजीवन प्रभावित हुआ है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दो सितंबर को जिले के सभी सरकारी, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालय बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

लगातार बारिश के कारण जिले के नदी-नाले उफान पर हैं और कई ग्रामीण एवं सुदूर क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने भी जिले में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।

बारिश के बीच जिले के कई सरकारी स्कूल भवनों की जर्जर स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों को विद्यालय बुलाना सुरक्षा की दृष्टि से चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। बारिश के कारण स्कूलों में विद्यार्थियों की उपस्थिति भी कम हो रही थी।

जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, प्राचार्यों एवं संस्था प्रमुखों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत आज जिले के सरकारी और निजी स्कूलों में नियमित कक्षाओं का संचालन नहीं होगा। फिलहाल यह आदेश केवल दो सितंबर के लिए जारी किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित