मुरैना , अक्टूबर 09 -- मध्यप्रदेश में मुरैना के नंदेपुरा क्षेत्र में शुक्रवार शाम सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंचे नगर निगम के अमले पर महिलाओं ने पथराव कर दिया। घटना में जेसीबी मशीन के कांच टूट गए और नगर निगम के तीन कर्मचारी घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 30 के नंदेपुरा क्षेत्र में नगर निगम द्वारा नाले का निर्माण कराया जा रहा है। यहां सरकारी जमीन पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर रखा था। शुक्रवार शाम निगम का अमला जेसीबी मशीन की मदद से अतिक्रमण हटाने पहुंचा, तभी महिलाओं ने पथराव शुरू कर दिया।

पथराव में जेसीबी मशीन के कांच टूट गए और पत्थर लगने से निगम के तीन कर्मचारी घायल हो गए। निगम कर्मियों की शिकायत पर स्टेशन रोड थाना पुलिस ने मामला जांच में लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित