बेमेतरा , सितंबर 24 -- छत्तीसगढ़ के बेमेतरा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-एक में अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर पार्षद राजकुमार खंडे नगर पालिका परिषद के सामने धरने पर बैठ गए हैं। इस बीच कुछ वार्डवासियों ने पार्षद पर प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर कथित रूप से 10 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए मामले को नया मोड़ दे दिया है।

आज प्राप्त जानकारी के अनुसार पार्षद खंडे वार्ड में कथित अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर नगर पालिका प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इसी मांग को लेकर उन्होंने नगर पालिका परिषद के सामने धरना शुरू किया है।

दूसरी ओर, धरने के दौरान कुछ वार्डवासियों ने पार्षद के खिलाफ आरोप लगाए। उनका दावा है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर उनसे कथित रूप से 10 हजार रुपये की मांग की गई थी। वार्डवासियों का आरोप है कि राशि नहीं देने के बाद अब अतिक्रमण बताकर उनके मकानों को हटवाने की बात की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित