बैतूल , अगस्त 05 -- आजाद समाज पार्टी (आसपा) ने बैतूल शहर के सदर क्षेत्र स्थित डॉन बॉस्को स्कूल के पास नगर पालिका द्वारा की गई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का विरोध करते हुए इसे गरीब और छोटे व्यवसायियों के हितों के विरुद्ध बताया है। पार्टी ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई वर्षाकाल के दौरान अतिक्रमण हटाने संबंधी राज्य शासन के निर्देशों की अनदेखी कर की गई है।
आसपा के जिला मीडिया प्रभारी ललित चौहान ने बुधवार को जारी बयान में आरोप लगाया कि नगर पालिका ने प्रभावित दुकानदारों और गुमटी संचालकों को पर्याप्त समय दिए बिना कार्रवाई शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि 01 अगस्त को नोटिस जारी किए जाने के साथ ही उसी दिन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई, जिससे व्यापारियों को अपना सामान सुरक्षित हटाने का अवसर नहीं मिला।
पार्टी का दावा है कि मध्यप्रदेश शासन के राजस्व विभाग के अपर सचिव द्वारा जारी वर्षाकालीन निर्देशों में स्पष्ट उल्लेख है कि बारिश के मौसम में नजूल भूमि पर बने आवासीय अतिक्रमणों और व्यावसायिक गुमटियों को तब तक नहीं हटाया जाना चाहिए, जब तक प्रभावित लोगों को वैकल्पिक स्थान उपलब्ध नहीं कराया जाता। आसपा का आरोप है कि बैतूल में की गई कार्रवाई इन निर्देशों के विपरीत है।
आसपा नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि नगर पालिका का अतिक्रमण रोधी अमला राजनीतिक दबाव में कार्य कर रहा है। पार्टी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने तथा यदि शासन के निर्देशों की अवहेलना हुई हो तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
पंकज अतुलकर, गोलू पाटिल, ललित चौहान, रवि अतुलकर, संतोष प्रजापति सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपकर छोटे दुकानदारों और गुमटी संचालकों को राहत देने की मांग की। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि शासन के निर्देशों के अनुरूप मामले पर पुनर्विचार नहीं किया गया तो वह आंदोलन शुरू करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित