सहारनपुर , जनवरी 19 -- सहारनपुर नगर में महत्वपूर्ण लोहानी सराय, नेहरू मार्केट स्थित तिब्बत मार्केट पर आज नगर निगम का बुलडोजर चलने से पहले ही दुकानदारों ने अपनी मर्जी से जगह खाली कर दी और आवंटित 62 फुटा रोड़ की ओर रूख कर लिया।
नगर आयुक्त शिपू गिरि ने सोमवार को बताया कि नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने के लिए पूरी तैयारी कर ली थी और रविवार को निगम की ओर से दुकानदारों को स्थान खाली करने की कड़ी चेतावनी दी थी।
तिब्बत मार्केट पर 69 दुकानदारों ने नगर निगम की जगह पर अवैध रूप से कब्जा किया हुआ था। इस महत्वपूर्ण सड़क मार्ग पर अवैध कब्जों के कारण लोगों का चलना बेहद ही मुश्किल था और अतिक्रमण के चलते लगातार बाजार में जाम की स्थिति बनी रहती थी। प्रभावित दुकानदारों ने नगर निगम से उन्हें ना हटाने की अंतिम समय तक गुहार लगाई लेकिन महापौर डा अजय सिंह और नगर आयुक्त शिपू गिरि के कड़े रूख का असर यह हुआ कि नगर निगम को आज सख्ती दिखाने की नौबत ही नहीं आई और एक एक करके सभी दुकानदारों ने वर्षों से कब्जाई जगह को खाली करने को तैयार हो गए और बहुत ही शांतिपूर्ण तरीके से यह महत्वपूर्ण मार्ग अवैध कब्जाधारियों के कब्जे से मुक्त हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित