देहरादून , जून 02 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के निर्देश पर सरकारी जमीनों पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ राज्य भर में हो रही कार्यवाही के क्रम में मंगलवार को देहरादून जिले की तहसील विकासनगर प्रशासन ने शीशमबाड़ा क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर बनाई गई अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बनाये गये मजार एवं अन्य अस्थायी निर्माणों को ध्वस्त कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। प्रशासनिक जांच में उक्त भूमि सरकारी अभिलेखों में दर्ज थी, जिस पर अवैध रूप से कब्जा कर मजार संचालित किया जा रहा था। पूर्व में नियमानुसार नोटिस एवं आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण किए जाने के उपरांत यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग, पुलिस विभाग तथा संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में शांतिपूर्ण ढंग से अतिक्रमण हटाया गया।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। सरकारी संपत्तियों एवं सार्वजनिक उपयोग की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर उनका संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। प्रशासन द्वारा जिले की विभिन्न तहसीलों में चिन्हित अतिक्रमण स्थलों का सर्वेक्षण कराया जा रहा है तथा चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जा रही है।

जिलाधिकारी डाॅ. आशीष चौहान ने कहा कि सरकारी भूमि जनता की संपत्ति है तथा उस पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार्य नहीं है। जनहित एवं कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सरकारी भूमि पर नए अतिक्रमण की रोकथाम के लिए नियमित निरीक्षण एवं सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि वे सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित