भुज , मई 29 -- अडानी समूह के प्रकल्प अडानी स्किल्स एंड एजुकेशन ने गुजरात सरकार के साथ मिल कर राज्य के कच्छ क्षेत्र के युवाओं के स कौशल-आधारित करियर और कार्यबल विकास के उद्येश्य से 11 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों ( आईटीआई) में सुधार करने की पहल की है।
अडानी समूह की ओर से शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस परियोजना के अंतर्गत आईटीआई संस्थानों का विकास इस प्रकार किया जाएगा कि स्थानीय रोजगार के नये अवसर पैदा हो सकें, रोजगार के लिए पलायन कम हो तथा नवीकरणीय ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्रों के लिए प्रशिक्षित कार्यबल विकसित हो सके।
इस सहयोग के तहत पाठ्यक्रम उन्नयन, शिक्षक-प्रशिक्षक विकास, बुनियादी ढांचे का आधुनिकीकरण, व्यावहारिक प्रशिक्षण और रोजगार के साथ साथ प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यहां 'कर्म उत्सव' नाम से आयोजित कार्यक्रम में इसकी शुरुआत की गयी। इस कार्यक्रम में 650 से अधिक छात्रों, शिक्षकों, नीति-निर्माताओं और उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस कार्यक्रम में राज्य के श्रम, कौशल विकास एवं रोजगार तथा ग्रामीण विकास मंत्री माननीय कुंवरजीभाई बावलिया, श्रम, कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री माननीय कांतिलाल अमृतिया, कच्छ जिले के वरिष्ठ नेता और गुजरात सरकार के प्रतिनिधि उपस्थित थे। साथ ही, अडानी समूह के वरिष्ठ अधिकारी, फैकल्टी सदस्य और कच्छ के सभी 11 सरकारी आईटीआई संस्थानों के छात्र भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित