अहमदाबाद , मई 26 -- अडानी समूह की कंपनी अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) ने गुजरात के खावड़ा में कुल 3.37 गीगावाट प्रति घंटा क्षमता की बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (बीईएसएस) चालू कर दिया है जो चीन के बाहर दुनिया का किसी देश में एक जगह स्थापित सबसे बड़ी बैटरी ऊर्जा स्टोरेज प्रणाली है जिसमें हरित ऊर्जा का भंडारण किया जाता है।
एजीईएल की योजना चालू वित्त वर्ष में और 10 गीगावाट/ घंटा से ज़्यादा की बैटरी स्टोरेज क्षमता जोड़ने और अगले पाँच वर्षों में इसे बढ़ाकर 50 गीगावाट तक पहुँचाने की है। एक गीगावाट एक हजार मेगावाट या एक अरब वाट के बराबर है।
कंपनी ने मंगलवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि यह सुविधा इतनी समर्थवान है कि इससे लगभग दस लाख घरों को पूरे एक दिन तक बिजली दी जा सके। इस तरह यह इंदौर, चंडीगढ़ जैसे शहरों या पूरे गोवा राज्य में व्यस्ततम समय की बिजली की माँग को पूरा करने में सक्षम है। बिजली स्टोर प्रणाली से पूरे देश में 1.2 करोड़ से जयादा एलईडी बल्ब लगातार दस घंटे तक जलाये जा सकते हैं।
कंपनी ने कहा कि यह दुनिया में सबसे तेज़ी से पूरी की गयी परियोजनाओं में एक है। इसमें 1.37 गीगावाट/ घंटा की स्टोरेज क्षमता इसी साल मार्च में शुरू की गयी। बयान में कहा गया है कि खावड़ा परियोजना के शुरू होने से ग्रिड की विश्वसनीयता बढ़ाने, पीक-ऑवर में बिजली की सप्लाई सुनिश्चित करने और रिन्यूएबल एनर्जी को बड़े पैमाने पर भरोसेमंद, चौबीसों घंटे बिजली सप्लाई करने में मदद मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित