मुंबई , मई 14 -- देश के सबसे बड़े हवाई अड्डा संचालक अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) ने ब्रिटेन की आतिथ्य कंपनी आईएचजी होटेल्स एंड रिजॉर्ट्स के साथ करार किया है जिसके तहत ब्रितानी कंपनी भारत में पांच होटलों का विकास करेगी।

आईएचजी ये होटल उन शहरों में खोलेगी जहां एएएचएल द्वारा संचालित हवाई अड्डे हैं। दोनों कंपनियों ने इसके लिए मैनेज्ड होटल पोर्टफोलियो समझौते पर हस्ताक्षर किये हैं।

अडानी एयरपोर्ट्स ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इस समझौते के तहत विभिन्न ब्रांड और शहरों में लगभग 1,500 कमरे जोड़े जाएंगे। यह यात्रा की बढ़ती मांग और देश के विमानन, पर्यटन तथा एयरपोर्ट-आधारित शहरी अवसंरचना क्षेत्रों के तेज विस्तार के साथ मेल खाता है।

इस पोर्टफोलियो में जयपुर में किंप्टन होटेल्स एंड रेस्टोरेंट्स शामिल होगा। साथ ही आगामी आतिथ्य-आधारित मिश्रित उपयोग परियोजनाओं में हॉलिडे इन और हॉलिडे इन एक्सप्रेस होटल भी शामिल होंगे जो नवी मुंबई, मेंगलुरु और तिरुवनंतपुरम में विकसित किये जायेंगे जहां हवाई अड्डों का संचालन अडानी समूह के पास है। दोनों कंपनियां इस साझेदारी को आगे और बढ़ाने के लिए भी चर्चा कर रही हैं। यह साझेदारी के तहत किंप्टन होटेल्स एंड रेस्टोरेंट्स का पहली बार भारत में पदार्पण होगा।

अडानी एंटरप्राइजेज के निदेशक प्रणव अडानी ने कहा कि उनकी कंपनी का उद्देश्य विश्वस्तरीय गंतव्यों का निर्माण करना है। आईएचजी होटेल्स एंड रिजॉर्ट्स के साथ सहयोग और पांच मुख्य शहरों में होटलों का विकास देश की दीर्घकालिक यात्रा और आर्थिक वृद्धि के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाली आतिथ्य अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

आईएचजी होटेल्स एंड रिजॉर्ट्स में दक्षिण-पश्चिम एशिया के प्रबंध निदेशक सुदीप जैन ने कहा कि अडानी एयरपोर्ट्स के साथ यह साझेदारी भारत के आतिथ्य क्षेत्र में उपलब्ध विशाल अवसरों को दर्शाती है, विशेष रूप से उन शहरों और एयरपोर्ट-आधारित विकास परियोजनाओं में जहां व्यवसायिक, अवकाश और ट्रांजिट यात्रियों की तरफ से मजबूत मांग आ रही है। यह समझौता भारत में किंप्टन होटेल्स एंड रेस्टोरेंट्स की शुरुआत के साथ कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि भी है।

आईएचजी होटेल्स एंड रिजॉर्ट्स वर्तमान में भारत में छह ब्रांड के अंतर्गत 52 होटल संचालित कर रहा है, और अगले तीन से पांच साल में 98 अतिरिक्त होटल खोलने की उसकी योजना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित