मुंबई , अक्टूबर 27 -- अभिनेता अड़ीवी शेष ने पशुओं के प्रति दया और करुणा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पेटा इंडिया के साथ मिलकर इस्कॉन विशाखापत्तनम स्थित श्री श्री राधा दामोदर मंदिर को आदमकद यांत्रिक हाथी 'रंगा' भेंट किया है। इस पहल का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं और उत्सवों में जीवित हाथियों के इस्तेमाल के स्थान पर पशु-अनुकूल विकल्पों को प्रोत्साहित करना है।
अड़ीवी शेष ने कहा कि धार्मिक परंपराओं और रीति-रिवाजों में न केवल भक्ति, बल्कि सभी जीवों के प्रति प्रेम और संवेदनशीलता भी झलकनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हाथियों को जंगल में अपने परिवार के साथ स्वतंत्र रूप से रहना चाहिए। उन्हें जंजीरों में बांधकर रखना, प्रशिक्षण देना और धार्मिक जुलूसों में प्रदर्शन के लिए इस्तेमाल करना दुखद है।
अभिनेता ने उम्मीद जताई कि यह पहल देशभर के मंदिरों और समुदायों को अपनी परंपराओं का सम्मान करते हुए दया और करुणा से भरे विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।
इस पहल के तहत यांत्रिक हाथी 'रंगा' को जीवित हाथियों के इस्तेमाल के विकल्प के रूप में प्रस्तुत किया गया है। इसके माध्यम से मंदिरों और धार्मिक आयोजनों में पशुओं को कैद में रखने, जंजीरों से बांधने और उनसे प्रदर्शन कराने जैसी समस्याओं से बचते हुए परंपराओं की भव्यता और धार्मिक महत्व को बनाए रखा जा सकता है।
अड़ीवी शेष ने कहा, "मुझे उम्मीद है कि हमारी यह पहल पूरे भारत में कई समुदायों और मंदिरों को अपनी परंपराओं का सम्मान करते हुए दया और करुणा से भरे विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।"उन्होंने इस्कॉन विशाखापत्तनम के श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि 'रंगा' आने वाले वर्षों में उनके जीवन में खुशी, आनंद और भक्ति का संचार करे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित