बैतूल , अगस्त 25 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में कोतवाली पुलिस ने अड़ीबाजी और मारपीट के मामले में फरार चल रहे आरोपी रोशन उईके उर्फ रोशन प्रधान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में हत्या, मारपीट, आर्म्स एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में 21 से अधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर जिले में आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे और एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार 14 जुलाई 2026 को शिवाजी वार्ड निवासी अमन विश्वकर्मा की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 589/2026 दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत रोशन उईके उर्फ रोशन प्रधान और उसके साथी मयंक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया था। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रोशन प्रधान सदर बाजार क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया और विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले के दूसरे आरोपी मयंक की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार रोशन उईके उर्फ रोशन प्रधान, निवासी संजय कॉलोनी, विकास नगर, थाना गंज के विरुद्ध वर्ष 2019 से 2026 के बीच थाना गंज, कोतवाली और झल्लार में मारपीट, धमकी, गंभीर चोट, हथियार रखने, एससी-एसटी एक्ट तथा मोटरयान अधिनियम सहित विभिन्न मामलों में 21 से अधिक अपराध दर्ज हैं।
कार्रवाई में थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया, उप निरीक्षक छत्रपाल धुर्वे, उप निरीक्षक जगदीश प्रसाद ठाकुर सहित पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित