जयपुर , जून 12 -- केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने युवा पीढ़ी से हर तरह के नशे से दूर रहने का आह्वान किया है।

श्री अठावले ने जयपुर में शुक्रवार को नशा मुक्त भारत जन चेतना सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा को देश के विकास में लगायें, ताकि देश को विकसित बनाने में युवाओं की हिस्सेदारी बढ़े।

उन्होंने कहा कि नशे से समाज के हर तबके का नुकसान होता है। उन्होंने समारोह में मौजूद सभी लोगों से अपील की कि वे सभी अपने आस-पास नशा करने वाले लोगों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करें। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि यदि कोई निजी संस्था नशा मुक्ति केंद्र खोलना चाहती है तो केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की ओर से सहायता दी जाएगी।

इसके अलावा श्री अठावले एक निजी संस्थान द्वारा आयोजित वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांग सम्मान समारोह में भी शामिल हुए। इस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

श्री अठावले ने अपने सम्बोधन में कहा कि उनका मंत्रालय दिव्यांगों के लिए ज़रूरी किट उपलब्ध कराने को प्रतिबद्ध है। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि दिव्यांगों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए हरसंभव मदद देने के लिए आगे आयें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित