श्रीगंगानगर , जून 19 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के साइबर थाना में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ करीब 18 लाख की ऑनलाइन ठगी का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि पीड़ित मुकेश कुमार ने ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई है कि पिछले दिनों किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके साथ 17 लाख 71 हजार 480 की ठगी की है। इस व्यक्ति ने छद्म रूप से और छलकपट कर उसे ठगी का शिकार बनाया है।
पुलिस ने बताया कि यह मामला जीरो नंबर एफआईआर के रूप में साइबर ठगी संबंधी पोर्टल पर दर्ज हुआ है। तीन-चार दिन पूर्व भी इसी तरह से केवलसिंह नामक एक व्यक्ति ने किसी अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कपटपूर्वक 10 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया था।
साइबर पुलिस के अनुसार इस व्यक्ति से विस्तृत पूछताछ करने पर पता चला कि उसे अज्ञात ऑनलाइन शातिर ठगों ने मोबाइल कंपनी का टावर लगवाने का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाया था। पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों की जांच चल रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित