जयपुर , जून 13 -- राजस्थान की लोक-सांस्कृतिक विरासत को विश्व मंच पर नई पहचान दिलाने वाले सुप्रसिद्ध कलाकार रहीस भारती एवं धोद बैंड 18 जून को फ्रांस की राजधानी पेरिस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में आयोजित प्रतिष्ठित 'बोंजूर मोदी' कार्यक्रम में अपनी विशेष प्रस्तुति देंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्यक्रम भारतीय संस्कृति, प्रवासी भारतीय समुदाय और भारत-फ्रांस मैत्री का एक महत्वपूर्ण उत्सव माना जा रहा है। रहीस भारती एवं धोद बैंड का चयन भारतीय दूतावास, पेरिस द्वारा आधिकारिक रूप से किया गया है, जो राजस्थान और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के लिए गौरव और सम्मान का विषय है।

वर्तमान में रहीस भारती एवं धोद बैंड अपने यूरोप टूर 2026 पर हैं। इस दल में राजस्थान के दूरस्थ गांवों के लगभग 20 लोक कलाकार शामिल हैं, जो इन दिनों फ्रांस और यूरोप के विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों में भारतीय लोक संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुतियां दे रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि पिछले 26 वर्षों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय रहीस भारती एवं धोद बैंड ने विश्व के 119 से अधिक देशों में अपनी प्रस्तुतियां दे चुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित