रांची , अगस्त 16 -- झारखंड की राजधानी रांची में पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर रविवार को उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया।

विधानसभा परिसर स्थित उनकी प्रतिमा पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, मेयर रोशनी खलखो समेत भाजपा के कई नेताओं ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस मौके पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ऐसे महान राजनेता थे, जिनका कोई राजनीतिक शत्रु नहीं था। विपक्ष के नेता भी उनके व्यक्तित्व और राजनीतिक सोच की प्रशंसा करते थे। उन्होंने कहा कि झारखंड के गठन में अटल बिहारी वाजपेयी की महत्वपूर्ण भूमिका रही और राज्य की जनता उनके योगदान को हमेशा याद रखेगी।

श्री मरांडी ने कहा कि झारखंड गठन के समय कई राजनीतिक चुनौतियां थीं, लेकिन अटल जी के नेतृत्व और दृढ़ निर्णय के कारण अलग राज्य का सपना साकार हुआ। झारखंड उनके योगदान का सदैव ऋणी रहेगा।

उन्होंने अटल जी के प्रभावशाली भाषणों और कविताओं को याद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री रहते हुए उन्होंने सत्ता से अधिक देशहित को प्राथमिकता दी। पोखरण परमाणु परीक्षण जैसे साहसिक फैसलों के जरिए उन्होंने भारत की सामरिक शक्ति को मजबूत करने का काम किया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों, राष्ट्रहित में किए गए कार्यों और देश के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित