श्रीनगर , मई 19 -- जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव अटल दुल्लू ने मंगलवार को जम्मू के किश्तवाड़ जिले में इस वर्ष अगस्त में शुरू होने वाली मचैल माता यात्रा के सफल संचालन के लिए सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों से समन्वित प्रयासों का आह्वान किया।

पिछले वर्ष अगस्त में मचैल मंदिर मार्ग स्थित किश्तवाड़ जिले के चाशोटी क्षेत्र में बादल फटने से विनाशकारी बाढ़ आयी थी, जिसमें 65 लोगों की जान चली गयी थी और कई लोग लापता हो गये थे।

एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि वार्षिक मचैल माता यात्रा के सुचारू, सुरक्षित और निर्बाध संचालन के लिए संबंधित संभागीय और जिला प्रशासनों द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए आयोजित उच्च स्तरीय बैठक की मुख्य सचिव ने अध्यक्षता की।

बैठक के दौरान, मुख्य सचिव ने इस वर्ष तीर्थयात्रा के सुरक्षित और सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का विस्तृत आकलन किया, जिसमें ग्रामीण विकास विभाग को सौंपे गये स्वच्छता उपाय और संबंधित विभागों द्वारा जल आपूर्ति, बिजली, चिकित्सा सुविधाएं, परिवहन प्रबंधन और आपातकालीन प्रतिक्रिया से संबंधित व्यवस्थाएं शामिल थीं।

मुख्य सचिव ने पिछले वर्ष यात्रा मार्ग पर हुई आपदा के बाद जारी निर्देशों के कार्यान्वयन की भी समीक्षा की। उन्होंने ऑनलाइन और आरएफआईडी-आधारित पंजीकरण प्रणालियों की शुरुआत, आपदा निवारण पहलों, वास्तविक समय में मौसम संबंधी चेतावनियों के लिए स्वचालित वर्षामापी (एआरजी) और स्वचालित मौसम स्टेशनों (एडब्ल्यूएस) की स्थापना और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और यात्रा अवधि के दौरान सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विस्तृत मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) के विकास जैसे उपायों का विस्तृत मूल्यांकन किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित