चंडीगढ़ , जुलाई 02 -- सेना के कॉर्प्स ऑफ सिग्नल्स द्वारा संचालित राष्ट्रव्यापी मोटरसाइकिल अभियान 'व्हील्स ऑफ वेलर: संचार शक्ति' के तहत डेयर डेविल्स टीम ने हिमाचल प्रदेश स्थित विश्व की सबसे लंबी 10,000 फुट से अधिक ऊंचाई पर बनी सड़क सुरंग अटल टनल, रोहतांग पार करने का नया विश्व रिकॉर्ड बनाने का दावा किया है।

यह उपलब्धि कारगिल विजय दिवस को समर्पित की गयी है। कॉर्प्स ऑफ सिग्नल्स की डेयर डेविल्स टीम ने एक जुलाई को अटल टनल के भीतर दो मोटरसाइकिलों पर सवार 10 राइडर्स के साथ 9.8 किलोमीटर लंबी सुरंग को मात्र नौ मिनट 47.97 सेकंड में पार किया। समुद्र तल से 10,075 फीट की ऊंचाई पर किये गये इस प्रदर्शन में संतुलन, सटीकता, धैर्य, उत्कृष्ट समन्वय और उच्च स्तर के मोटरसाइकिल कौशल का प्रदर्शन किया गया।

सेना के प्रवक्ता की ओर से गुरुवार को यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार, यह उपलब्धि कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में कॉर्प्स ऑफ सिग्नल्स डेयर डेविल्स टीम द्वारा प्रस्तावित कई विश्व रिकॉर्ड प्रयासों की श्रृंखला का पहला चरण है। इस उपलब्धि के लिए टीम ने कई महीनों तक विशेष प्रशिक्षण, अभ्यास और तकनीकी तैयारियां की थीं।

पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया। इस रिकॉर्ड प्रयास के लिए स्थानीय प्रशासन, हिमाचल प्रदेश पुलिस, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ), डायरेक्टर जनरल बॉर्डर रोड्स (डीजीबीआर), प्रोजेक्ट योजक, प्रोजेक्ट दीपक और 38 बॉर्डर रोड्स टास्क फोर्स (38 बीआरटीएफ) के साथ समन्वय स्थापित किया गया, जिससे सभी प्रतिभागियों और सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

सिग्नल ऑफिसर-इन-चीफ एवं कॉर्प्स ऑफ सिग्नल्स के कर्नल कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल विवेक डोगरा (सेना मेडल) ने इस उपलब्धि के लिए जिला प्रशासन मनाली, हिमाचल प्रदेश पुलिस, डीजीबीआर, प्रोजेक्ट योजक, प्रोजेक्ट दीपक तथा 38 बीआरटीएफ का सहयोग और समर्थन देने के लिए आभार व्यक्त किया।

प्रवक्ता ने कहा कि यह उपलब्धि कॉर्प्स ऑफ सिग्नल्स की उत्कृष्टता, नवाचार और पेशेवर सैन्य परंपराओं का प्रतीक है। इसके साथ ही यह अभियान युवाओं में देशभक्ति, साहसिक खेलों, शारीरिक फिटनेस, मानसिक दृढ़ता, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को बढ़ावा देने का भी संदेश दे रहा है। 'व्हील्स ऑफ वेलर: संचार शक्ति' अभियान के दौरान टीम देशभर में युद्ध स्मारकों, सैन्य प्रतिष्ठानों, शैक्षणिक संस्थानों और विभिन्न स्थानों का दौरा कर पूर्व सैनिकों, एनसीसी कैडेटों और युवाओं से संवाद कर रही है। सेना का उद्देश्य नयी पीढ़ी को राष्ट्र सेवा, अनुशासन, त्याग और उत्कृष्टता के मूल्यों से प्रेरित करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित