चंडीगढ़ , दिसंबर 25 -- पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को उन्हें चंडीगढ़ स्थित पार्टी कार्यालय में पुष्पांजलि अर्पित की गयी।

इस अवसर पर पंजाब भाजपा के संगठन महामंत्री मंत्री श्रीनिवास सुल्लू, प्रदेश उपाध्यक्ष सुभाष शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रमुख विनीत जोशी, प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष सुखविंदर सिंह गोल्डी, लीगल सेल के प्रदेश प्रमुख एन.के. वर्मा, मोहाली भाजपा के जिला अध्यक्ष संजीव विशिष्ट सहित अन्य साथी उपस्थित थे।

इस अवसर पर पंजाब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि श्री वाजपेयी ने राजनीति में सिद्धांतों और आदर्शों की ऐसी मिसाल कायम की, जो आज भी उतनी ही प्रासंगिक है, जितनी अपने समय में थी। उन्होंने कहा कि श्री वाजपेयी ने उस दौर में, जब जोड़-तोड़, खरीद-फरोख्त और सत्ता के लिए समझौतों की राजनीति आम हो रही थी, तब भी उन्होंने अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि अटल जी सिर्फ़ भाजपा के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के नागरिकों के लिए आदर्श पुरुष हैं।

श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा के शुरुआती दौर में जब पार्टी को केवल दो सीटें मिली थीं और निराशा का माहौल बन गया था, तब भी अटल जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया। उन्होंने याद दिलाया कि मुंबई में दिये गये अपने ऐतिहासिक भाषण में अटल जी ने कहा था, "अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा।" आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है और लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की सत्ता संभाल रही है।

श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अटल जी के आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए देश की अर्थव्यवस्था, राष्ट्रीय सुरक्षा और गरीब कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य कर रहे हैं, जिसके कारण आज पूरी दुनिया में भारत का मान बढ़ा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित