देवरिया, अगस्त 16 -- पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई की पुण्यतिथि पर उत्तर प्रदेश के देवरिया में रविवार को सूबे के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
देवरिया से आठ किलोमीटर दूर बैतालपुर नगर पंचायत क्षेत्र के कृषि भवन में आज भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी एवं गौरी बाजार के पूर्व विधायक स्वर्गीय श्री बाबू की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में कृषि मंत्री श्री शाही ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने देश को विकास की नई दिशा देने के साथ ही गरीब, किसान और गांव के हितों को सदैव प्राथमिकता दी। अटल जी का व्यक्तित्व और उनके विचार आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
श्री शाही ने श्री बाबू को याद करते हुए कहा कि उनकी पहचान क्षेत्र में एक बेहद तेज-तर्रार और प्रखर राष्ट्रवादी नेता के रूप में थी। वर्ष 1996 में भाजपा ने उन्हें गौरी बाजार सीट से अपना उम्मीदवार बनाया। उन्होंने भाजपा की विचारधारा को जमीनी स्तर पर आगे बढ़ाया और पूर्वांचल में पार्टी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। विधायक रहते हुए उन्होंने गौरी बाजार और बैतालपुर के ग्रामीण इलाकों में सड़कों, बिजली और कृषि सुविधाओं के विकास के लिए काफी काम किया।
इस अवसर पर सदर सांसद शंशाक मणि त्रिपाठी ने कहा कि अटल जी ने अपने विचारों, सिद्धांतों और राष्ट्रसेवा से देश के राजनीतिक जीवन को नई दिशा दी। उनकी दूरदर्शी सोच ने भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने श्री बाबू को याद करते हुए उन्होंने कहा कि मुझे अपने ताऊ श्री बाबू के सानिध्य में रहकर राजनीति को करीब से देखने का सौभाग्य मिला। क्षेत्र के लोग आज भी उन्हें एक सुलभ, ईमानदार और जनता के सुख-दुख में खड़े रहने वाले नेता के रूप में याद करते हैं।सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि अटल जी का जीवन सुशासन और राष्ट्रहित को समर्पित था। श्री बाबू 1996 में गौरी बाजार से भाजपा का झंडा बुलंद करने वाले निर्भीक नेता थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित