बैतूल , अगस्त 16 -- पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर रविवार को अटल सेना एवं अटल मानव समस्या निवारण समिति मध्यप्रदेश, बैतूल के तत्वावधान में हनुमान नगर, गर्ग कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान संगठन के सदस्यों ने अटल जी के व्यक्तित्व, विचारों और राष्ट्र के प्रति योगदान को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके आदर्शों को जनसेवा के माध्यम से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
अटल सेना के राजेंद्र सिंह चौहान 'केंडू बाबा' ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों और सेवा भावना को समाज तक पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि अटल सेना समाज के दलित, दबे-कुचले, असहाय और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संगठन का प्रयास है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज की अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और पात्र लोगों को उनका लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि अटल जी के जन्मदिवस सहित विभिन्न अवसरों पर संगठन द्वारा सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इनमें रक्तदान शिविर, जरूरतमंदों की सहायता तथा दिव्यांगजनों को उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराने जैसे कार्य शामिल हैं। संगठन के अनुसार अटल जी को केवल स्मरण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके नाम और विचारों को सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में जीवंत रखना ही उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का सार्थक प्रयास है।
सभा में अटल जी के निधन के समय संगठन सदस्यों द्वारा व्यक्त की गई श्रद्धा को भी याद किया गया। उस समय अटल सेना के महिला एवं पुरुष सदस्यों ने मोक्षधाम में मुंडन करवाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी थी। सदस्यों ने इसे अटल जी के प्रति अपनी गहरी भावनात्मक श्रद्धा का प्रतीक बताया।
श्रद्धांजलि सभा में शीतल कामतकर, सरिता पाल, सुधा खंडारे, किरण पवार, किरण भूमरकर, रतन ठाकुर, कविता पवार, मीना ओए, कल्पना तावड़े, मीना नारायण, अशोक गीते, बेबी गीते, कमला कंडेकर, सीमा ठाकुर, भारती विजयकर और डॉ. दिनेश खंडारे सहित अटल सेना के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्रसेवा, समाजसेवा और जरूरतमंदों की मदद के उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित