उदयपुर , मई 09 -- राजस्थान के विधानसभा अध्यक्ष प्रोफेसर वासुदेव देवनानी ने शनिवार को कहा कि शिक्षा अज्ञान, भय, दुर्बलता और सीमाओं से मुक्त करती है और हमें अपने प्राचीन भारतीय आदर्शों को आत्मसात करते हुए वर्तमान को गढ़ना चाहिए जिससे एक बेहतर भविष्य का निर्माण हो सके।
प्रोफेसर देवनानी ने आज यहां विद्या भवन ऑडिटोरियम में आयोजित उत्कृष्ट विद्यार्थी सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने विद्या भवन पॉलिटेक्निक कॉलेज में लंबे समय तक सेवाएं दी। उदयपुर में अंग्रेजी शासन काल के दौरान शिक्षा का अभाव था, उस वक्त मोहन सिंह मेहता और जनार्दन राय नागर ने अपने सब प्रयासों से दो संस्थाओं को खड़ा किया। विद्या भवन एवं राजस्थान विद्यापीठ नाम की यह दोनों संस्थाएं आज भी दक्षिणी राजस्थान में शिक्षा के क्षेत्र में मजबूत स्तंभ के रूप में खड़ी है। विद्या भवन की वर्तमान कार्यकारिणी समय के अनुरूप आवश्यक परिवर्तन एवं संवर्धन करते हुए संस्थान को आगे की दिशा में ले जा रही है। इसके गौरवशाली अतीत को ध्यान में रखते हुए सुंदर वर्तमान गढ़ा जा रहा है जो अच्छे भविष्य का निर्माण करेगा।
श्री देवनानी ने कहा, "वर्तमान समय अवसर एवं कठोर प्रतिस्पर्धा का समय है। हमें स्वामी विवेकानंद के प्रेरक संदेश "उठो, जागो एवं लक्ष्य प्राप्ति तक नहीं रुको " का अनुसरण करते हुए देश एवं राष्ट्र के लिए कार्य करना है। संस्कार, संस्कृति एवं सनातन को नहीं भूलते हुए युगानुकूल परिवर्तनों के माध्यम से दिशानुकूल कार्य करने हैं। हमें एआई का दास नहीं बनना, बल्कि उसका स्वामी बनना है। क्योंकि एआई सिर्फ सूचना देता है, उसमें चरित्र, संवेदनाएं एवं करुणा का अभाव है।"प्रो देवनानी ने बच्चों को पांच "डी" का महत्व समझाते हुए जीवन का लक्ष्य करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि डेकोरम (मर्यादा), डिसिप्लिन (अनुशासन), डिवोशन (समर्पण) और डिटरमिनेशन (प्रतिबद्धता) को जीवन में उतारें तो व्यक्तित्व का डेवलपमेंट (विकास) होना निश्चित है। जीवन को बैंक लॉकर की उपमा देते हुए उन्होंने कहा कि जिस प्रकार लॉकर की दो चाबियां, एक ग्राहक और दूसरी मैनेजर के पास होती है। दोनों चाबियां से ही लाकर खुलता है ठीक उसी प्रकार कर्म और भाग्य नाम की दो चाबियां से ही सफलता प्राप्त होती है। इसलिए जीवन में लगातार कर्म करते रहना चाहिए भाग्य का साथ मिलते ही सफलता सुनिश्चित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित