चित्तौड़गढ़ , अप्रैल 20 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा सदर थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन के दो मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में ले लेने से दम्पति की मौत हो गयी, जबकि दो युवक गंभीर रुप से घायल हो गये।
पुलिस ने बताया कि रविवार देर रात निम्बाहेड़ा से लसड़ावन मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने दो मोटरसाकिलों को टक्कर मार दी, जिससे एक पर सवार कचरियाखेड़ी निवासी देवकिशन गायरी एवं उसकी पत्नी भगवती देवी की मृत्यु हो गयी। दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार जावदा निवासी दीपक वैष्णव तथा ललित धाकड़ घायल हो गये।
राहगीरों की सूचना पर हादसे की चपेट में आये सभी लोगों को निम्बाहेड़ा अस्पताल लाया गया, लेकिन तबतक देवकिशन एवं भगवती ने दम तोड़ दिया, जबकि दीपक एवं ललित को गंभीर हालत होने पर चित्तौड़गढ़ भेज दिया गया। पुलिस मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित