बैतूल , जून 03 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के महदगांव क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मृत्यु हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान 25 वर्षीय राजेश सोनी के रूप में हुई है, जो पेशे से वाहन चालक था। मंगलवार देर रात वह अपने घर के सामने टहल रहा था, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद वाहन चालक युवक को कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है तथा वाहन और चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मृतक अपने परिवार में सबसे छोटा था। उसके परिवार में तीन बहनें और एक भाई हैं। घटना के बाद परिवार में शोक व्याप्त है।

इस बीच जिला अस्पताल में उपचार के दौरान एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति की भी मृत्यु हो गई। उसे गंभीर अवस्था में आमला से रेफर कर अस्पताल लाया गया था। अस्पताल चौकी पुलिस ने शव को सुरक्षित रखवाकर उसकी शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित