बैतूल , जून 29 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई-मासोद मार्ग पर आज सोमवार सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना मुलताई-मासोद मार्ग स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप हुई। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान आधार कार्ड के आधार पर धनराज पिता श्रवण जगदेव (42) निवासी ग्राम दतोरा के रूप में की गई।
पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल मुलताई भेज दिया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। स्थानीय लोगों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि मोटरसाइकिल सवार को संभलने का अवसर नहीं मिला और उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जांच के बाद अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से घटना अथवा वाहन के संबंध में कोई भी जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित