भीलवाड़ा , जनवरी 30 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के गुलाबपुरा थाना क्षेत्र में एक वाहन की टक्कर से ईकाे कार में सवार दो युवकों की मौत हो गयी जबकि दो अन्य घायल हो गये।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार को देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुराने कंवलियास टोल के पास सरदार की होटल के सामने तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से ईको कार को टक्कर मार दी। इससे कार बुरी तरह पिचक गयी और उसमें सवार चार युवक फंसकर घायल हो गये।
पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवकों को कड़ी मशक्कत के बाद कार से निकालकर गुलाबपुरा अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने शुभम सिंह (25) और संजय (28) को मृत घोषित कर दिया, जबकि पवन दमामी और सुनील सालवी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस उपनिरीक्षक ने बताया कि ईको कार अजमेर से भीलवाड़ा की ओर जा रही थी। रात करीब पौने बारह बजे पीछे से आये अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी और मौके से भाग गया। पुलिस ने फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित