मुरादाबाद , जुलाई 05 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में कल देर रात दिल्ली रोड़ पर अनियंत्रित अज्ञात वाहन की चपेट में आने से सहरसा (बिहार) निवासी बाइक सवार दो छात्रों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि मुरादाबाद में मझोला थाना क्षेत्र के दिल्ली रोड गोल चक्कर के पास कल रात लगभग डेढ़ बजे एक अज्ञात वाहन द्वारा बाइक सवार दो छात्रों को रौंद दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान उनके पहचान पत्रों के माध्यम बिहार के सहरसा जिले के सौर बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत 'पत्थरघाट' (पूर्व में भ्रमवश पतलघर) निवासी ओम प्रकाश (22) और प्रिंस (23) के रूप में हुई है, जो पाकबड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत दिल्ली रोड स्थित तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू) में बीएससी एग्रीकल्चर के छात्र थे।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचित कर दिया है और फरार वाहन चालक की तलाश जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित