चेन्नई , अक्टूबर 25 -- तमिलनाडु के वेल्लोर जिले में एक पूर्व भारतीय थल सेना अधिकारी को एक अज्ञात महिला को गुप्त सैन्य डेटा लीक करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
यह गिरफ्तारी विशाखापत्तनम नौसेना बेस से जुड़ी संवेदनशील रक्षा और समुद्री जानकारी एक महिला पाकिस्तानी खुफिया एजेंट को लीक करने के आरोप में भारतीय नौसेना के 31 वर्षीय नाविक की गिरफ्तारी के तुरंत बाद हुयी है।
खबरों के मुताबिक, सेवानिवृत्त सेना अधिकारी बाबू (52) को महिला ने एक साल पहले व्हाट्सएप और वीडियो कॉल के जरिए दोस्ती कर हनीट्रैप में फंसाया था। आरोप है कि महिला ने उनसे सैन्य उपकरणों और अन्य रक्षा संबंधी जानकारियों का डेटा हासिल कर लिया।
विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर केंद्रीय खुफिया अधिकारियों ने उन्हें निगरानी में रखा और शुक्रवार को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। वेल्लोर तालुक पुलिस स्टेशन में केंद्रीय खुफिया एजेंसियों की दो दिनों की गहन पूछताछ के बाद शनिवार रात उन्हें तमिलनाडु पुलिस को सौंप दिया गया।
पूछताछ में सामने आया है कि महिला ने डीआरडीओ के लिए एक प्रोजेक्ट पर काम करने का बहाना बनाकर बाबू से रक्षा उपकरणों और सुरक्षा संबंधी मामलों की जानकारी मांगी थी। उन्होंने मांगी गई जानकारी साझा कर दी। जिन विवरणों की जानकारी उन्हें नहीं थी, उसके लिए उन्होंने कथित तौर पर फोन पर अपने पूर्व सहकर्मियों और वर्तमान कर्मचारियों से जानकारी जुटाकर महिला को पास कर दिया था।
भारतीय सेना के विभिन्न प्रभागों में सेवा देने के बाद, बाबू पिछले वर्ष सेना के उपकरण प्रभाग से कैप्टन के पद से सेवानिवृत्त हुए थे और वेल्लोर जिले के कनियामबाडी के पास अपने पैतृक गांव कीझवल्लम में बस गए थे।
हिरासत में लिए जाने के बाद, तमिलनाडु पुलिस यह पता लगाने के लिए मामले की गहराई से जांच कर रही है कि अज्ञात महिला कौन है और क्या वह किसी अन्य देश की खुफिया इकाई के लिए एजेंट के रूप में काम कर रही थी।
बाबू की यह गिरफ्तारी कोयंबटूर में 3 अक्टूबर को एक भारतीय नौसेना नाविक की गिरफ्तारी के ठीक बाद हुई है। उस मामले में पश्चिम बंगाल के नाविक प्रदीप मुखर्जी को एक महिला पाकिस्तानी खुफिया एजेंट ने सोशल मीडिया पर दोस्ती कर हनीट्रैप में फंसाया था और विशाखापत्तनम बेस के रणनीतिक नौसैनिक परिसंपत्तियों, बेड़े की आवाजाही और परिचालन ढांचे पर संवेदनशील डेटा निकाला था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित