सहारनपुर , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सवा छह वर्ष बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को नया जिलाध्यक्ष मिल गया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने अजीत सिंह राणा को सहारनपुर का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने नियुक्ति का स्वागत करते हुए कहा कि इससे संगठन को नई ताकत और ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं की भावनाओं के अनुरूप निर्णय लिया है। पूर्व जिलाध्यक्ष ठाकुर मानवीय सिंह पुंडीर (2012-2016) ने भी नई नियुक्ति पर हर्ष व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि अजीत सिंह राणा संगठन को मजबूत करने के साथ जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेंगे।

अजीत राणा से पूर्व महेंद्र सैनी लगभग छह वर्ष चार माह तक जिलाध्यक्ष रहे। इस दौरान संगठन में असंतोष की चर्चा भी रही।

नई नियुक्ति पर जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, विधायक मुकेश चौधरी, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा एवं प्रदीप चौधरी, विधायक कीरत सिंह, पूर्व राज्यमंत्री संजय गर्ग, पूर्व विधायक नरेश सैनी तथा अन्य भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने बधाई दी।

अपनी नियुक्ति पर अजीत सिंह राणा ने कहा कि वह संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान की रक्षा करने तथा समन्वय के साथ पार्टी को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित