, Jan. 28 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि श्री पवार के आकस्मिक निधन की सूचना अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि श्री अजित पवार ने दशकों तक सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहते हुए, महाराष्ट्र के विकास और जनहित को निरंतर प्राथमिकता दी और हमेशा ज़मीन से जुड़े रहे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोक संतप्त परिजनों एवं समर्थकों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें। शोक की इस घड़ी में एनडीए पवार परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक भावुक शोक संदेश में इस खबर को चौंकाने वाला और अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र विधानमंडल में साथ बिताए वर्षों के दौरान श्री अजित पवार के साथ उनका लंबा जुड़ाव रहा था और उन्होंने उनके काम को बहुत करीब से देखा था। उन्होंने कहा कि श्री पवार के प्रशासनिक कौशल, विकासवादी दृष्टिकोण और लोगों से जुड़ने की उनकी क्षमता ने उन्हें राज्य की राजनीति में एक मजबूत और स्थायी स्थान दिलाया था।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में लिखा, "बारामती में हुए विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। इस दुःख की घड़ी में उनके परिजनों एवं समर्थकों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ।"समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर अपने शोक संदेश में कहा, "महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री अजित पवार का विमान दुर्घटना में निधन हो गया है। यह अत्यंत दुखद है! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं। भावभीनी श्रद्धांजलि!"बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने अपने संदेश में लिखा, "महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख नेता श्री अजित पवार की आज बारामती में विमान दुर्घटना में हुई मृत्यु अत्यंत दुखद है। उनके परिवार और उनकी पार्टी के सदस्यों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस अपार क्षति को सहने की शक्ति दे।"बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह विमान हादसा अत्यंत पीड़ादायक है और वह इस घटना से मर्माहत हैं। उन्होंने कहा कि अजित पवार एक कर्मठ एवं कुशल राजनेता थे। महाराष्ट्र की राजनीति में उनका अहम योगदान था। वे मृदुभाषी, बेहद मिलनसार एवं लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उनके निधन से न केवल महाराष्ट्र बल्कि पूरे देश के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि महाराष्ट्र के बारामती में प्लेन क्रैश में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार समेत अन्य लोगों के आकस्मिक निधन का अत्यंत हृदयविदारक समाचार मिला। श्री पवार का आकस्मिक निधन महाराष्ट्र की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर श्री पवार तथा अन्य लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों, पार्टी कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने कहा कि श्री पवार की दुखद मौत से उन्हें "बहुत दुख" हुआ है। उन्होंने इसे सार्वजनिक जीवन के लिए एक बड़ी क्षति बताते हुए श्री पवार के परिवार, सहयोगियों और समर्थकों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित