पटना , जनवरी 29 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान के समय पर सवाल उठाया और कहा है कि इस संबंध में मृतक नेता के चाचा और वरिष्ठ राजनेता शरद पवार के बयान पर गौर करने की जरूरत है।
श्री प्रसाद ने कहा कि बंगाल की मुख्यमंत्री के संबंध अजित पवार से कितने भी गहरे रहे हों लेकिन उनके अंतिम संस्कार से पहले ही उनकी मौत पर राजनीति करना ठीक नही है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वरिष्ठ राजनेता शरद पवार के बयान पर ध्यान देना चाहिये, जिन्होंने कहा है कि मृतक नेता श्री पवार की मौत पर राजनीति नही होनी चाहिए।
जदयू के नेता ने कहा कि शरद पवार मृत नेता के सिर्फ चाचा नही थे। उन्होंने कहा कि उनकी हैसियत अजित पवार के लिए पिता तुल्य थी और वह उनके राजनीतिक गुरु भी थे। उन्होंने कहा कि शरद पवार ने यदि कहा है कि अजित पवार की मृत्यु पर राजनीति नही होनी चाहिए तो उस पर ध्यान देने की जरूरत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित