चंडीगढ़ , अक्टूबर 22 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने गुरुवार को अबोहर के संतनगर में अजय कुमार की हत्या के मामले में निष्पक्ष जांच और मृतक के मृत्यु से पहले पुलिस को दिए गए बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। वह पंजाब विधानसभा के बाहर अजय की मां और परिजनों के साथ पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। परिजन न्याय की मांग को लेकर विधानसभा के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे थे, जिन्हें बाद में पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
श्री जाखड़ ने कहा कि वह अजय के परिवार को हर दिन विधानसभा के बाहर लेकर आएंगे, ताकि उनकी आवाज सरकार तक पहुंच सके। इस दौरान भाजपा नेता अश्वनी कुमार शर्मा भी मौजूद थे। अजय कुमार को 27 सितंबर को अबोहर के संतनगर में गोली मारी गई थी। गंभीर रूप से घायल अजय का कई दिनों तक उपचार चला, लेकिन 19 अक्टूबर को उसकी मौत हो गई। परिवार पिछले कुछ समय से अबोहर में न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहा है। परिजनों के मुताबिक, अभी तक अजय का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया गया है।
अजय की मां और परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि अजय के भाई ने 2015 के भीम हत्याकांड में गवाही दी थी, जिसके आधार पर शिव लाल डोडा और उसके भतीजे को 20 साल की सजा सुनाई गई थी। परिवार ने आशंका जताई कि शिव लाल डोडा को हाल ही में जमानत मिलने के बाद उनके बेटे की हत्या की गई।
श्री जाखड़ ने मामले में गहरी साजिश की आशंका जताते हुए आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया आपराधिक तत्वों को संरक्षण दे रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि गंभीर अपराध में दोषी ठहराए गए और बाद में जमानत पर रिहा हुए व्यक्ति को सरकारी सुरक्षा किस आधार पर दी जा रही है। उन्होंने इस पहलू की भी जांच कराने की मांग की।जाखड़ ने दावा किया कि अजय ने मौत से पहले पुलिस को स्पष्ट बयान दिया था, लेकिन इसके बावजूद उस बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। उन्होंने मांग की कि मृतक के बयान को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराई जाए और हत्यामें शामिल पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित