महोबा , मई 22 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के कथित विवादित बयान को लेकर शुक्रवार को महोबा में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की, जबकि अजय राय ने वीडियो को एआई से निर्मित और भ्रामक बताया है। जानकारी के अनुसार, महोबा में नीट छात्रा अपहरण और गैंगरेप मामले में पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे अजय राय के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। इन वीडियो में कथित रूप से आपत्तिजनक और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किए जाने का दावा किया गया। वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा समर्थकों और नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए इसकी आलोचना शुरू कर दी।
इधर, जिला भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग के दौरान जब यह मामला सामने आया तो कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। मौके पर मौजूद चित्रकूट धाम मंडल से विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सेंगर ने कार्यकर्ताओं को शांत कराया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है और जनता ऐसे बयानों का जवाब देगी।
विवाद बढ़ने के बाद अजय राय की ओर से सफाई देते हुए कहा गया कि वायरल वीडियो एआई तकनीक के माध्यम से तैयार किया गया है और उसे भ्रामक तरीके से प्रसारित किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में महोबा जिला राजनीतिक दलों के नेताओं की विवादित टिप्पणियों को लेकर चर्चा में रहा है। इससे पहले समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र लोधी के एक बयान को लेकर भी राजनीतिक विवाद उत्पन्न हुआ था, जिस पर पुलिस में मामला दर्ज किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित