नई दिल्ली , मई 2 -- कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के अस्वस्थ होने पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस खबर से वह चिंतित हैं और श्री राय के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं।
श्री गांधी ने उम्मीद जतायी कि श्री राय जल्द स्वस्थ होकर पूरी ऊर्जा के साथ जन सेवा में सक्रिय होंगे।
कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार शरीर में सोडियम की कमी के चलते श्री राय की तबीयत लखनऊ में शुक्रवार शाम बिगड़ गयी थी जिसके कारण उन्हे मेदांता अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। बताया जा रहा है कि लखनऊ में एक कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद वे अपने आवास लौटे थे, जहां उन्हें चक्कर आ गया और वे बेहोश हो गए। रक्तचाप से जुड़ी शिकायत के बाद उन्हें तत्काल मेदांता अस्पताल ले जाया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के अस्वस्थ होने की खबर पर चिंता जताते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। श्री मोदी ने शुक्रवार एक्स पर लिखा कि उन्हें अजय राय के स्वास्थ्य खराब होने की जानकारी मिली है और वे उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित